मुंबई. भारत में पाकिस्तानी आर्टिस्टों पर बैन के मामले में सलमान खान ने बयान दिया है। सलमान से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा- "वो आर्टिस्ट्स हैं, कोई टेररिस्ट्स नहीं। उन्हें सरकार ने परमिट और वीजा दिया है।" सलमान के बयान पर पलटवार करते हुए महाराष्ट्र नव निर्माण सेना के चीफ राज ठाकरे ने कहा- सलमान को ये समझ लेना चाहिए कि सीमा पर जो गोलियां चल रही हैं वो फिल्मी नहीं हैं।
उड़ी हमले और भारतीय कमांडो द्वारा पीओके में किए गए सर्जिकल स्ट्राइक के बाद दोनों देशों के बीच तनाव जारी है। महाराष्ट्र नव निर्माण सेना यानी एमएनएस ने पाकिस्तानी कलाकारों को भारत छोड़ने को कहा था। इंडियन मोशन पिक्चर्स एसोसिएशन यानी IMPPA ने भी इन कलाकारों को बैन कर दिया है। और क्या कहा सलमान ने...
- शुक्रवार को एक प्रोग्राम के दौरान सलमान से पूछा गया कि क्या पाकिस्तानी कलाकारों पर बैन लगना चाहिए?
- इस पर सलमान ने कहा- इन्हें सरकार ने ही परमिट और वीजा जारी किए हैं। ये लोग तो कलाकार हैं, कोई टेररिस्ट्स नहीं।
- इसके बाद सलमान से पीओके में भारतीय कमांडो द्वारा किए गए सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल पूछा गया। इस पर सलमान ने कहा कि टेररिस्ट्स थे ना, प्रॉपर एक्शन था।
राज ठाकरे का सलमान पर पलटवार
- राज ठाकरे एक प्रोग्राम के दौरान सलमान के बयान पर कहा, “मुझे लगता है कि बहुत बार ऐसा हुआ है कि सलमान खान की ट्यूबलाइट जलती-बुझती है। एक बात समझ में आनी चाहिए कि हमारे जो जवान हैं, जो हमारी सीमाओं की सुरक्षा कर रहे हैं, उनकी पाकिस्तान के सैनिकों के साथ पर्सनल दुश्मनी तो है नहीं। लेकिन वहां पर वो मर रहे हैं। उनको गोलियां लग रही हैं। उनको जो गोलियां लग रही हैं, वो फिल्मी गोलियां नहीं हैं। सलमान खान को जब लगती है, बाद में वह खड़ा हो जाता है।”
- “मैं भी एक आर्टिस्ट हूं। पाकिस्तानी कलाकारों को हमने 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। सारे चले गए। उनको पूछा गया कि पाकिस्तान में हमने जो हमला किया है, क्या उसकी आप निंदा करते हो? तो उन्होंने कहा कि नहीं करेंगे, हम पाकिस्तानी हैं। फिर हमारे आर्टिस्ट क्यों जा रहे हैं उनके साथ?”
- “कल अगर हमारे सैनिकों ने अगर हथियार नीचे रख दिए और कहा कि हम भी आते हैं गुलाम अली की कॉन्सर्ट देखने तो चलेगा क्या? वे सैनिक क्या हमारे नौकर हैं, वे हमारी वहां सुरक्षा कर रहे हैं। पाकिस्तान हर वक्त ऐसे हमले करते हैं। फिर हम कहते हैं कि कलाकारों का कोई देश नहीं होता। ये कौन-सा तरीका है नया।”
- “ बहुत बार लोग बोलते हैं कि पाकिस्तान के लोग अच्छे हैं। मैं क्या करूं उससे। हमारे सामने तो सिर्फ टेररिस्ट आते हैं। 125 करोड़ की आबादी में हिंदुस्तान में क्या टैलेंट की कमी है कि जो हमें उनके आर्टिस्ट उधार लेने पड़ें। ये बेवकूफ हैं। इन्हें सिर्फ धंधा लगता है। आज धोनी की फिल्म पाक में बैन हुई है। ये चलता है?”
IMPPA के एक मेंबर ने इस्तीफा दिया
- फिल्म प्रोड्यूसर राहुल अग्रवाल ने पाकिस्तानी कलाकारों को बैन करने के खिलाफ आवाज उठाते हुए शुक्रवार को IMPPA से इस्तीफा दे दिया।
एमएनएस ने फिर दी धमकी
- सलमान के बयान पर एमएनएस ने सख्त रुख अपनाया। इसके नेता अमे खोपेकर ने कहा- अगर भारत में कोई भी पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करेगा तो हम उनके खिलाफ प्रोटेस्ट करेंगे। कोई भी पाकिस्तानी कलाकार यहां काम करते दिखा तो वो मार खाएगा।
- खोपेकर ने आगे कहा- ये पाकिस्तान से हाथ मिलाने का वक्त नहीं है। पाकिस्तानी कलाकार यहां वर्क वीजा पर नहीं टूरिस्ट वीजा पर आते हैं। उनके खिलाफ एक्शन तो लेना ही चाहिए।
श्याम बेनेगल ने क्या कहा?
- मशहूर डायरेक्टर श्याम बेनेगल ने कहा- ना तो भारत की जनता पाकिस्तान के खिलाफ है और ना ही पाकिस्तान के लोग भारत के खिलाफ हैं। ये तो सरकारों के बीच का मसला है। पाकिस्तान के आर्टिस्ट यहां काम करने के लिए आते हैं। वहां की सरकार को भी इनसे कुछ लेना-देना नहीं है।
IMPPA की एजीएम में क्या हुआ फैसला?
- गुरुवार को IMPPA की एनुअल एजीएम में पाकिस्तानी एक्टर्स, सिंगर्स और टेक्नीशियन्स पर बैन लगाने का फैसला लिया गया। मेंबर्स इस बात पर राजी थे कि जब तक हालात नॉर्मल नहीं हो जाते, तब तक पाकिस्तानी कलाकारों को काम से दूर रखा जाए।
- बता दें कि बुधवार रात 12.30 से गुरुवार तड़के 4.30 तक भारत की स्पेशल कमांडो फोर्स ने पीओके में ऑपरेशन किया। इसमें 38 आतंकी और पाक सेना के 2 जवान मारे गए।
करन और शाहरुख ने क्या प्लान बनाया है?
- 'ऐ दिल है मुश्किल' और 'रईस' की रिलीज और उसके साथ होने वाले नुकसान के लिए फिल्ममेकर पहले से ही तैयार दिखाई पड़ते हैं।
- खबरों के मुताबिक, प्रोड्यूसर करन जौहर को भारत में नुकसान सहना पड़ता है, तो वे इंटरनेशनल मार्केट में फिल्म से ज्यादा से ज्यादा मुनाफा कमाना चाहेंगे। उनकी टीम इसी पर फोकस कर रही है।
- ट्रेड एनालिस्ट और सुपर सिनेमा मैगजीन के एडिटर अमुल मोहन के मुताबिक, "किसी को बैन करने से कोई फायदा नहीं होने वाला है, लोगों को बैठकर बातचीत करके इसका हल निकलना होगा। हम लोग सिर्फ पाकिस्तानी एक्टर्स के साथ ही नहीं, बल्कि अलग-अलग देशों के कई सारे एक्सपर्ट्स और टेक्नीशियन्स के साथ भी काम करते हैं।"
- "इस वक्त फवाद खान, माहिरा खान, म्यूजिक डायरेक्टर्स, सिंगर्स आतिफ असलम, राहत फतेह अली खान जैसे कई लोग बॉलीवुड के कई प्रोजेक्ट्स से जुड़े हैं।"
- "प्रोड्यूसर्स को इनके बदले किसी और से काम कराना काफी मुश्किल है, क्योंकि जो पैसे पहले से लग चुके हैं, उसे कोई वापस नहीं देने वाला है।"
- पाकिस्तानी एक्ट्रेस माहिरा की फिल्म रईस अगले साल 26 जनवरी को रिलीज होगी। जबकि, फवाद खान की फिल्म 28 अक्टूबर को रिलीज होगी।
ये पाक आर्टिस्ट भारत में एक्टिव
- बॉलीवुड में काम कर रहे पाकिस्तानी कलाकारों में फवाद खान, अली जफर, जावेद शेख, वीना मलिक और माहिरा खान जैसे नाम प्रमुख हैं। इनके अलावा गुलाम अली, राहत फतेह अली खान और आतिफ असलम जैसे सिंगर भी भारत में काफी फेमस हैं।

No comments:
Post a Comment