Friday, 30 September 2016

भारत-न्यूजीलैंड ईडन गार्डेन दूसरा टेस्ट: दूसरे दिन का खेल LIVE

कोलकाता : टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड के खिलाफ कोलकाता में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के पहले दिन का खेल खत्म होने तक 7 विकेट के नुकसान पर 239 रन बना लिए थे। दूसरे दिन की शुरुआत में रिद्धिमान साहा 14 और रविंद्र जडेजा बिना खाता खोले क्रीज पर मौजूद हैं।



भारतीय कप्तान विराट कोहली ने ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स की दोबारा बिछायी गयी पिच पर टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया था जो भारत के घरेलू मैदान पर 250वें टेस्ट की मेजबानी कर रहा है लेकिन चेतेश्वर पुजारा (87) और अजिंक्य रहाणे (77) को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सका।

न्यूजीलैंड को सुबह नियमित कप्तान और शीर्ष बल्लेबाज केन विलियमसन के बीमार होने के कारण करारा झटका लगा लेकिन उसने इसके बावजूद पहले दिन बेहतरीन प्रदर्शन किया।

मध्यम गति के गेंदबाज मैट हैनरी ने 15 ओवर में 35 रन देकर तीन जबकि आफ स्पिनर जीतन पटेल ने दो विकेट प्राप्त किये जिन्हें मार्क क्रेग के चोटिल होने के कारण टीम में शामिल किया गया। ट्रेंट बोल्ट और नील वैगनर ने भी एक एक विकेट हासिल किया।

फार्म में चल रहे पुजारा ने 219 गेंद में 17 चौके की मदद से 87 रन बनाये। पिछली तीन पारियों में यह उनका तीसरा अर्धशतक है। पहले सत्र में भारत ने 46 रन पर तीन विकेट खो दिये थे, जिसके बाद पुजारा और रहाणे ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों का डटकर सामना किया। दोनों ने मिलकर तीन घंटे नौ मिनट तक बल्लेबाजी की।

No comments:

Post a Comment