Friday, 30 September 2016

फिर महंगा हुआ पेट्रोल, 2 महीने में तीसरी बार बढ़े दाम



नई दिल्ली। पेट्रोल के दामों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। पेट्रोलियम कंपनियों ने महंगाई का एक और झटका देते हुए पेट्रोल के दाम 28 पैसे बढ़ा दिए हैं। जबकि डीजल के दाम में 6 पैसे की कमी की गई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों की प्रवृत्ति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

पेट्रोल के दाम दो महीने में लगातार तीसरी बार बढ़े



दो महीने में यह लगातार तीसरा मौका है, जब पेट्रोल के दाम बढ़ाए गए हैं। वहीं डीजल के मामले में इस महीने दूसरी बार दाम में कमी की गई है। देश की सबसे बड़ी खुदरा ईंधन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (आईओसी) ने कहा कि पेट्रोल की कीमत में 28 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई है, जबकि डीजल के दाम 6 पैसे प्रति लीटर कम किए गए हैं। इसमें राज्यों के शुल्क शामिल नहीं हैं। इससे दिल्ली में मध्य रात्रि से पेट्रोल का दाम 64.57 रुपये प्रति लीटर हो गया जो 64.21 रुपये था। इसी प्रकार, डीजल 52.52 रुपये लीटर उपलब्ध हो गया जो 52.59 रुपये था।

इससे पहले, 16 सितंबर को पेट्रोल के दाम में 58 पैसे लीटर (राज्य के शुल्क को छोड़कर) की वृद्धि की गई थी। राज्य के वैट को जोड़ने पर दिल्ली में पेट्रोल 78 पैसे लीटर महंगा हुआ था। वहीं डीजल के दाम में 31 पैसे की कटौती की गई थी। वैट को शामिल करने पर यह कटौती 35 पैसे थी।

No comments:

Post a Comment